Skip to main content

अब क्यों कलम चला करती है?

अब क्यों कलम चला करती है?

अब क्यों कलम चला करती है?

पहले भी एकबार चली थी,
तब की त्रुटि सुकुमार भली थी।
उन-त्रुटि कन्याओं की अब क्यों- 
कायाकल्प किया करती है?

अब क्यों कलम चला करती है?

बासन्ती परिचय था जग से,
बसुधा प्रथम मिली थी नभ से।
क्षितिज-मरीचिकाओं में अब क्यों-
व्यर्थ उढ़ान भरा करती है?

अब क्यों कलम चला करती है?

त्रेता में सब कुछ संभव था,
अवतारों का अद्द्भुत युग था।
लंकेशों में कौशलेश अब-
क्यों भूमिजा जपा करती है?

अब क्यों कलम चला करती है?

तब हमने देखे थे सपने,
सपने में अनगिन  थे अपने।
इन टूटे सपनों में अब क्यों-
खण्डित जगत रचा करती है?

अब क्यों कलम चला करती है?

जग अपने द्वंदों में डूबा,
कविताओं गीतों से ऊबा।
इन ऊबी पीड़ाओं को अब-
क्यों वेदना दिया करती है?

अब क्यों कलम चला करती है?

माना जगत मात्र सपना है,
क्यों कोई लगता अपना है?
इन सपनों के अपनों को अब-
क्यों मन-मीत कहा करती है?

अब क्यों कलम चला करती है?

अब तक जो हमसफर मिले हैं,
छोड़ मोड पर गये चले  हैं।
फिर निति नए बटोही अब क्यों-
पथ में साथ लिया लिया करती है?

अब क्यों कलम चला करती है?

बार-बार मन पूछ रहा है,
ऐसा क्या उपहार मिला है?
अभिशापों की झोली जगती-
क्यों वरदान लगा करती है?

अब क्यों कलम चला करती है?

धन सौन्दर्य पुजारी जग में,
पापी प्रलयंकारी युग में। 
श्रद्धा-सुमन समर्पित कर अब-
क्यों बदनाम हुआ करती है?

अब क्यों कलम चला करती है?

यह जग जो चाहे सो कह ले,
गा – गा कर मन के दुख सह ले। 
शायद यही सोच कर वह तो-
पर उपकार किया करती है।

अब क्यों कलम चला करती है?

इसी लिये बढ़ती ही जाती,
निज पथ पर गाती मुस्कयाती। 
तब ही मन कागज पर उसकी,
सुयश – “प्रभा” बिखरा करती है।

अब क्यों कलम चला करती है?

“बढ़े चलो हिम्मत मत हारो,
मत अतीत की ओर निहारो।
सुखद भविष्य खड़ा स्वागत में,
लिख ऋषि – ऋचा रटा करती है।“

अब क्यों कलम चला करती है?



रामवीर सिंह चौहान
(13-12-1994)

sahitya sanklan  अब क्यों कलम चला करती है?, hindi poem


Comments

Popular posts from this blog

क्षमा करो साथी अब ऐसी, फिर न कभी रुसवाई होगी

क्षमा करो साथी अब ऐसी, फिर न कभी रुसवाई होगी  क्षमा करो साथी अब ऐसी , फिर न कभी रुसवाई होगी। नींद स्वयं ही चुरा ले गयी , मेरे मन के स्वप्न सुहाने , अंधियारी रजनी के धोखे , भूल हो गयी यह अनजाने। जीवन के चौराहे पर कुछ – मीत मिले थे बिन पहिचाने , यौवन के आवारापन में , भूल हो गयी यह अनजाने ।    उनमें से ही कुछ ने आकर , पीर तुम्हें पहुंचाई होगी , जितनी निकट तुम्हारे , उतनी और कहाँ निठुराई होगी। क्षमा करो साथी अब ऐसी , फिर न कभी रुसवाई होगी।। मिलन–विरह के कोलाहल में , तुम अब तक एकाकी कैसे ? इस परिवर्तनशील जगत में , तुम सचमुच जैसे के तैसे। कितनी बार क्षमा मांगी और , कितना प्राण–प्रताण किया है , फिर भी शायद तुमने हमको , नहीं अभी तक क्षमा किया है। ऐसी निष्ठुर नीति धरा पर , कब किसने अपनायी होगी , और “आराधना” न इस धरा पर , भक्तों ने अपनायी होगी। क्षमा करो साथी अब ऐसी , फिर न कभी रुसवाई होगी।। यौवन की कुलषित कारा में , तुम पावन से भी अति पावन , पापी दुनियाँ बहुत बुरी है , ओ मेरे भोले मन भावन। मेरी पर्णकुटी में आकर तुमने , मुझको कृतार...

बीते वर्ष बताते जाओ मन की बातें जाते - जाते Beete varsh batate jao man ki baaten jate - jate

बीते बर्ष ! बताते जाओ, मन की बातें जाते - जाते।  बीते वर्ष ! बताते जाओ , मन की बातें जाते- जाते। कितने मधुर लगे बचपन में ? क्या सपने देखे यौवन में ? पंख थके तब कैसा अनुभव - हुआ सिथिलता आते-आते ? बीते वर्ष ! बताते जाओ , मन की बातें जाते- जाते। सुमन मुलायम कितने पाये ? तन कितने कल्याण छिपाए ? राव रंक को शांति मिली क्या- नारायण गुण गाते-गाते ? बीते वर्ष ! बताते जाओ , मन की बातें जाते- जाते। जाति-धर्म या वर्ग-भेद की , “हल्ला-बोल” कुरान - वेद की , कैसी लगीं ये परिभाषायें- तुम्हें यहाँ से जाते – जाते ? बीते वर्ष ! बताते जाओ , मन की बातें जाते- जाते। तेरह दिन की अटल कहानी , देव-इंद्र की संयुक्त वानी , सीता राम रिझा पायी क्या- माया काशी जाते – जाते ? बीते वर्ष ! बताते जाओ , मन की बातें जाते- जाते। कितना सुख भोगा जीवन में ? है कैसी चिंता चितवन में ? कितने अपने निकट रहे , और- कितने खोये पाते – पाते ? बीते वर्ष ! बताते जाओ , मन की बातें जाते- जाते। आया कौन बिना आमंत्रण ? किसने ठुकरा दिया निमंत्रण ? कौन समय पर मुकर गया है- झूठी कसमें खाते – खाते ? बीते वर्ष ! बताते जाओ , मन की बातें जा...

ओ मेरे दुर्भाग्य ! तुम्हारा भृकुटि – विलास सरल कब होगा? O mere Durbhagya , Oh my bad luck

  ओ मेरे दुर्भाग्य ! तुम्हारा भृकुटि – विलास सरल कब होगा ? बचपन गया शिथिल सा यौवन बीत रही जीवन तरुणाई , काले केश – कुसुम कुम्हलाने आकुल अरुणाई अलसाई ,                         प्रौढ़ पींजरे के बंदी का                         कारावास सफल कब होगा ?                         ओ मेरे दुर्भाग्य ! तुम्हारा                         भृकुटि – विलास सरल कब होगा ? सत्कर्मों में रत रह कर भी - हुयी सदा संघर्ष सगाई , सब साधन सम्पन्न सहायक होते हुये पराजय पायी ,             ...